टीएमयू के इसी बस घायल हुये छात्र-छात्रा।अमर उजाला
अमरोहा। छात्राओं पर फब्तियां कसने का विरोध करने पर बाइक सवार युवकों ने टीएमयू की बस पर पथराव कर दिया। छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट की। घटना से स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिगड़ते हालात संभाले। पुलिस को देख कर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने मौके से बाइक बरामद की है। वहीं बाइक नंबरों के आधार पर युवकों की तलाश कर रही है। अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह घटना अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के कैलसा की है। गुरुवार की दोपहर बाद करीब 3:30 बजे टीएमयू की बस छात्र-छात्राओं को लेकर अमरोहा से यूनिवर्सिटी जा रही थी। अभी बस कैलसा में रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी थी। तभी दो बाइकों पर सवार चार-पांच युवक बस में बैठी छात्राओं पर फब्तियां कसने लगे। बस में हाथ मारा और छात्राओं के साथ गाली- गलौज करने लगे। इस बीच बस चलने लगी तो युवकों ने बस का पीछा किया और सामने बाइक खड़ी कर बस को जबरदस्ती रोक लिया। विद्यार्थियों ने विरोध किया तो युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट भी की। घटना में छात्र मोहम्मद आदिल, वैशाली गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि मोहम्मद जुनैद, मोहम्मद जुनैद आलम, मुख्तयार आलम, मोहम्मद हासिब निवासी खैय्या माफी थाना डिडौली चोटिल हो गए। सभी छात्र-छात्राएं नर्सिंग का कोर्स कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील मलिक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों की एक बाइक को मौके पर कब्जे में ले लिया। घायल छात्र-छात्राओं को टीएमयू में भर्ती कराया गया है। टीएमयू के मेडिकल इंचार्ज शिवांशु गुप्ता ने बताया कि घायल छात्र मोहम्मद आदिल और छात्रा वैशाली के सिर में गहरी चोट लगी है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। 72 घंटों के बाद ही उनकी हालत में बारे में स्पष्ट बताया जा सकता है। वहीं थानाध्यक्ष सुनील मलिक ने बताया कि टीएमयू के सिक्योरिटी अफसर अबनेश सिंह की तहरीर पर बाइक नंबरों के आधार पर चार-पांच युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।