गजरौला। चोरों ने एक ही रात में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे डाला। मोहल्ला जवाहर नगर में घर के आगे खड़ी कार चोरी कर ली। वहीं नगर की सीमा से सटे गांव मझोला में पांच किसानों के खेतों में लगे नलकूपों से स्टार्टर और केबल समेत लगभग एक लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देने की बात कही है।
नगर के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी महेश सागर पुत्र स्व.डा.नत्थू सिंह ने बताया कि उनकी सेंट्रो कार बुधवार की रात मोहल्ले में ही स्थित सनातन धर्म स्कूल के पास खड़ी थी। गुरुवार की सुबह उठकर देखा तो कार नदारद थी। कार चोरी होने की खबर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। वहीं महेश सागर ने तत्काल इसकी सूचना 112 पीआरवी और बाद में थाना पुलिस को दी। कार चोरी की तहरीर थाने में दे दी गई है। वहीं नगर की सीमा से सटे गांव मझोला में बुधवार की रात किसी समय चोरों ने गांव की आबादी से बाहर खेतों में पांच किसानों के नलकूपों से स्टार्टर और केबल चोरी कर लिया। किसान गुरुवार को खेतों पर पहुंचे तो इसकी जानकारी हो सकी। वीरेंद्र पुत्र कुंवर सिंह, गजराज पुत्र करन सिंह, हरवीर पुत्र खचेड़ू, राजवीर पुत्र बलवंत बंटी पुत्र भीष्म सिंह ने बताया कि चोर लगभग एक लाख रुपये के स्टार्टर और केबल ले गए हैं। वहीं एक ही रात में गांव में पांच स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओ से ग्रामीण दहशत में हैं। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि चोरी की घटनाओं की जांच कराई जा रही है।