एसआर प्रीमियर लीग में मंगलवार को दो मैच खेले गए। पहले में गुरुकुल सनराइज व एसआर इंडियन की टीम आमने-सामने रही, जिसमें एसआर इंडियन ने 134 रनों से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में चिश्ती सुपर किंग्स ने सालिम रॉयल को 38 रनों से हराकर जीत हासिल की।
स्प्रिंगफील्ड क्रिकेट एकेडमी व रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एसआर प्रीमियर लीग में मंगलवार को रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के ग्राउंड पर दो मैच खेले गए। पहले मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए एसआर इंडियन ने निर्धारित 25 ओवर में पांच विकेट खोकर 220 रन बनाए। टीम के कप्तान अंश गौतम ने 91 व अनमोल पाल ने 50 रन बनाए। गुरुकुल सनराइज के गेंदबाज अर्नव ठाकुर ने दो, धनंजय व हमदान ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी गुरुकुल सनराइज 14.1 ओवर में 86 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। टीम के नितिन सिंह ने 26 व हमदान ने 15 रन बनाए। एसआर इंडियन के गेंदबाज माधव सिंह ने दो, मोहम्मद शहरान, अयान चौधरी और भानू प्रताप ने एक-एक विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच अंश गौतम रहे।
दूसरे मैच में सालिम रॉयल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और चिश्ती सुपर किंग्स को 131 रनों पर रोक दिया। चिश्ती सुपर किंग्स के हस्सान तुर्क ने 47 व मोहम्मद फजल ने 22 रन बनाए। सालिम रॉयल के गेंदबाज अहम कश्यप ने चार, मोहम्मद अरीब ने तीन, सूर्यांश सिंह ने दो विकेट लिए। जवाब में सालिम रॉयल 17.2 ओवर में 93 रनों पर ही सिमट गई। टीम के अक्षत प्रताप ने 23 व मोहम्मद अरहम ने 11 रन बनाए। चिश्ती सुपर किंग्स के गेंदबाज अम्मार अहमद व अरबाज खान ने दो-दो और मोहसिन खान, इजरान, वहाब और अनश ने 1-1 विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच हस्सान तुर्क को चुना गया।
अंपायर मोहम्मद सायम, शमशाद अल्वी रहे जबकि स्कोरर मोहम्मद अरीब और अशरफ रजा रहे। मैच के दौरान सिद्धार्थ मलिक, बदरुद्दीन सिद्दीकी, मोहम्मद हसीन, मोहम्मद उमर, ओम दत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।