अमरोहा। शहर के हिल्टन कॉन्वेंट विद्यालय में खेल उत्सव के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने खेल के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित चार प्रतियोगिता के पहले दिन खो-खो का मैच महाराणा प्रताप हाउस एवं लक्ष्मीबाई हाउस के बीच खेला गया। जिसमें महाराणा प्रताप हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इसके बाद खो-खो मैच में ही दूसरा मुकाबला छत्रपति शिवाजी एवं भगत सिंह हाउस के बीच हुआ, जिसमें छत्रपति शिवाजी हाउस में जीत दर्ज की।
कक्षा एक से पांच तक के छात्र-छात्राओं की चम्मच दाैड़ भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी टीमों को जीत दिलाने के लिए एकजुट होकर कड़ी मेहनत की और खेलों के दौरान पारदर्शिता और ईमानदारी को भी बनाए रखा। खेलों की शुरुआत मुख्य अतिथि एडीएम न्यायिक मायाशंकर यादव ने दीप प्रज्ज्वलन व फीता काटकर की।
प्रधानाचार्य अवनीश शर्मा ने कहा कि इस तरह के खेलों का आयोजन विद्यार्थियों को मेहनत और समर्पण प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। निदेशिका भावना सैनी व प्रबंधक अनुराग सैनी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। आयोजन में स्कूल के खेल प्रशिक्षक बाकेश चौहान एवं निर्भय विश्नोई, उत्कर्ष अग्रवाल, सनी दुआ, मंजू माहेश्वरी, साक्षी सिरोही आदि शिक्षकों का योगदान रहा।
-