सैदनगली (अमरोहा)। कस्बे में कार स्पेयर पार्ट्स की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। शटर के ताले तोड़कर तीन हजार की नगदी समेत हजारों का सामान चोरी कर लिया। पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।
जिला संभल के भड़वाड़ा निवासी यशवीर सिंह पुत्र चेतन सिंह की सैदनगली कस्बें के शोएब रजा उर्फ बिट्टू सैय्यद मार्केट में रजा धर्म कांटा के नजदीक कार सर्विस, स्पेयर पार्ट्स की माई केयर सॉल्यूशन के नाम से दुकान है। रोजाना की तरह बुधवार देरशाम को भी दुकान बंद करके घर चले गए थे, लेकिन रात में चोरों ने दुकान को निशाना बना लिया। रात में किसी समय चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखी तीन हजार रुपये की नगदी समेत, दुकान में रखा इन्वर्टर, बैट्रा एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह होने पर दुकान स्वामी जब दुकान पर पहुंचा तो दुकान का शटर टूटा देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने दुकान में हुई चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चोरी से संबंधित जानकारी जुटाई है। वहीं, चोरों द्वारा दुकान के शटर का ताला तोड़कर हुई चोरी से दुकानदारों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है।
उधर, प्राथमिक विद्यालय धीमर खेड़ी के प्रधानाध्यापक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल की रसोई के ताले तोड़कर चोरों ने दो गैस सिलिंडर, दो भगोने, पचास थाली, पचास गिलास चोरी कर लिए। पुलिस को सूचना दी गई है।