अमरोहा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल किया गया। सपा से सकीना बेगम और भाजपा से ललित तंवर ने पर्चा भरा। सकीना बेगम ने एक सेट और ललित तंवर ने दो सेट में पर्चे जमा किए।
जिला पंचायत के 27 सदस्यों के बीच से अध्यक्ष का चुनाव होना है। एडीएम न्यायिक के कक्ष में नामांकन पत्र दाखिले की प्रक्रिया शुरू हुई। सपा की ओर से प्रत्याशी बनाई गईं विधायक महबूब अली की पत्नी सकीना बेगम 11.05 बजे नामांकन कक्ष में आईं। उन्होंने डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी को नामांकन पत्र सौंपा। उनके साथ प्रस्तावक और अनुमोदक भी रहे। शुरुआती जानकारी के बाद उन्होंने एडीएम वित्त और राजस्व को फॉर्म दिया। इसके बाद उन्होंने प्रत्याशी के साथ ही प्रस्तावक और अनुमोदक के क्रमांक की पड़ताल की। लगभग 40 मिनट के अंतराल पर भाजपा के प्रत्याशी ललित तंवर नामांकन के लिए पहुंचे। उन्होंने भी नामांकन पत्र डीएम को दिया। प्रस्तावक और अनुमोदक की जांच पड़ताल और हस्ताक्षर देखे। सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल ने फॉर्म में संलग्न रिकार्ड की जांच की।