अमरोहा। एसपी सुनीति ने सैदनगली थाने और नगर कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रिकार्ड रूम और बैरकों को देखा। साफ-सफाई देखी, निर्माणाधीन बिल्डिंग का मुआयना किया। दरोगाओं के साथ बैठक कर लंबित विवेचनाओं को खत्म करने की नसीहत दी। गैंगस्टर के आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। व्यापारियों की सुरक्षा के लिहाज से शाम के समय गश्त बढ़ाने से लेकर सघन चेकिंग करने को कहा।
गुरुवार की रात करीब दस बजे एसपी सुनीति नगर कोतवाली पहुंचीं। यहां कोतवाली का निरीक्षण किया। अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं शुक्रवार को सैदनगली थाने का निरीक्षण किया। दोनों जगह भोजनालय, मालखाना, शस्त्रागार, सीसीटीएनएस कक्ष का मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने सभी दरोगाओं के साथ अपराध नियंत्रण पर चर्चा की। वर्ष 2020 की लंबित विवेचनाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की। जल्द ही विवेचनाओं के निस्तारण के निर्देश दिए। अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा-व्यवस्था प्रभावी ढंग से बनाए रखने की हिदायत दी। साथ ही शाम छह बजे से लेकर रात्रि दस बजे से शहर में गश्त बढ़ाने और चेकिंग करने के निर्देश दिए। वहीं थाने के टॉप टेन बदमाशों की गिरफ्तारी और गैंगस्टरों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता को बेहतर कानून व्यवस्था देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अधीनस्थों को लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की नसीहत दी है। इस दौरान सीओ सिटी विजय कुमार राना, इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह मौजूद रहे। वहीं, पुलिस लाइन में शुक्रवार की परेड दौरान, टर्नआउट, ड्रिल, डॉयल 112, मेस और पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। परेड मैदान में क्राइम सीन तैयार कर घटनास्थल को सुरक्षित करने संबंधी जानकारी दी।