गजरौला। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की खुलकर धज्जियां उड़ाई गईं। खाकी देखकर भी अनजान बनी रही। हालांकि एसपी सुनीति के आगमन से पूर्व पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने की कोशिश की लेकिन दो कदम पीछे हटकर लोग फिर से वहीं डटे रहे।
सोमवार को सैकड़ों लोगों की भीड़ पंचायत चुनाव का परिणाम जानने के लिए रेलवे स्टेशन रोड, स्टेशन फव्वारा चौक, बस्ती मार्ग और इंदिरा चौक मार्ग पर डटी हुई थी। दोपहर साढ़े 12 बजे एसपी सुनीति के आने की जानकारी होने पर पुलिस ने भीड़ को खदेड़ना चाहा। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा लाउडस्पीकर लेकर भीड़ के पास गए और वहां से हटने का अनुरोध किया। भीड़ पीछे हटी भी लेकिन इसी दौरान एसपी आईं और कालेज में चली गईं। उनके जाते ही भीड़ फिर से सड़कों पर काबिज हो गई। भीड़ का आलम यह था कि लोग एक-दूसरे से सटे हुए थे और उनमें परिणाम जानने को आपाधापी मची हुई थी।