अमरोहा। कमरे में बेड पर सो रही छात्रा की सर्पदंश से मौत हो गई। परिजनों ने उसका उपचार भी कराया, लेकिन वह बच नहीं सकी। वहीं ग्रामीणों ने सांप को भी पीट-पीटकर मार डाला। छात्रा की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया है।
यह घटना देहात थानाक्षेत्र के मऊ मयचक गांव की है। यहां अफसर अली का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी और पांच बच्चे हैं। फराइन जहां उनकी इकलौती बेटी हैं। वह बीए अंतिम वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की रात वह कमरे में बेड पर सोई हुई थी। शनिवार की सुबह अचानक सांप बेड पर चढ़ आया और उसके डस लिया। उसकी चीख सुनकर परिजन मौके की तरफ दौड़े। उन्होंने सांप को देखा तो होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजनों ने छात्रा को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। यहां उसकी हालत बिगड़ने पर झाड़ फूंक करने वालों के यहां ले गए। लेकिन छात्रा की सेहत में सुधार नहीं हो सका। आखिरकार शनिवार की शाम छात्रा की मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात परिजनों ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है। इससे पहले ग्रामीणों ने सांप को पकड़ कर बोतल में बंद कर लिया था। बाद में गुस्साए ग्रामीणों ने उसे भी पीट कर मार डाला।