अमरोहा। लगातार दाखिले प्रक्रिया के चरण आयोजित होने के बाद भी पॉलीटेक्निक कॉलेजों में सीट नहीं भर पा रही हैं। पांच चरणों के बाद भी तीनों कॉलेज में करीब 143 सीटें खाली रह गई थीं। इन्हें भरने के लिए अब छठे चरण की काउंसिलिंग शुरू की गई है।
जिले में इस समय तीन पॉलीटेक्निक कॉलेजों महामाया इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी बछरायूं में 225, राजकीय पॉलीटेक्निक सुतावली में 225 व राजकीय पॉलीटेक्निक कटाई जोया में 225 सीटों पर प्रवेश के लिए प्रक्रिया चल रही है। इन सीटों के अलावा तीनों कॉलेजों में लेट्रल ऐंट्री के जरिए भरी जाने वाली 42 सीटें हैं। पांच चरणों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन कॉलेजों में सीटें नहीं भर पा रही हैं। जिसके बाद अब छठे चरण की प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की गई है।
नोडल प्रधानाचार्य डॉ. राजेश चंद्रा ने बताया कि छठे चरण में 21 से 25 अगस्त तक अभ्यर्थियों को अपनी पसंदीदा सीटों को भरने के लिए विकल्प दिया गया था। 26 अगस्त को सीटों का आंवटन किया गया। वहीं, 27 से एक सितंबर तक काउंसलिंग व दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं को कोई परेशानी न हो। इसके लिए संस्थान में हेल्प डेस्क भी बनाई गई है।