नौगावां सादात। गांव बीलना में छह वर्षीय मासूम आतिफ की तालाब में डूबने से मौत हो गई। करीब 20 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बृहस्पतिवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने बच्चे का शव तालाब से बरामद किया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
गांव निवासी जलालुद्दीन उर्फ जलाल कबाड़ का काम करता है। उनके तीन बेटों में मंझला आतिफ बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर के बाहर साइकिल चला रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन सुराग नहीं मिला। देर रात करीब दस बजे उसकी साइकिल गांव के बाहर स्थित तालाब के किनारे मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ रातभर बच्चे की तलाश करती रही। इसी बीच पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में आसपास मौजूद बच्चों ने बताया कि साइकिल चला रहा आतिफ तालाब में गिर गया था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की मदद से तालाब में सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बृहस्पतिवार सुबह एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने करीब दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। साथ ही तालाब का जल स्तर कम करने के लिए टैंकरों से पानी भी निकलवाया गया। लगातार प्रयासों के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे आतिफ का शव तालाब से बरामद किया गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां उजमा बेहाल थी। परिजनों के मुताबिक दो साल पहले आतिफ की बहन की भी बीमारी से मौत हो चुकी है। सीओ अवधभान सिंह भदौरिया और प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।