अमरोहा के राजकीय इंटर कालेज में टीका लगवाने के लिए लाइन में बैठे किशोर।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। जिले में लोगों की लापरवाही बढ़ती जा रही है। जिसके चलते हालात बिगड़ते दिख रहे हैं। धीरे-धीरे चेन जुड़ती जा रही है। सोमवार की रात नोएडा से आई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में युवक समेत चार लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई है। जबकि दो लोग एंटीजन जांच में संक्रमित मिले हैं। छह संक्रमित मिलने से हड़कंप मचा है। चिकित्सकों ने सभी को होम आइसोलेट कराया है। फिलहाल जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 24 हो गई है। जबकि विदेश यात्रा करके 40 लोग और अमरोहा लौटे हैं।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को जनपद में 40 और लोग विदेश यात्रा करके लौटे हैं। विदेश यात्रियों को ट्रेस कर उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। सभी यात्रियों को चौदह दिनों के लिए होम आइसोलेट किया गया है। अब तक विदेश से लौटने वालों की संख्या 503 हो गई है। सोमवार की रात नोएडा लैब से आई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में युवक समेत चार लोग पॉजिटिव मिले हैं। जबकि दो लोग एंटीजन जांच में संक्रमित पाए गए हैं। जिले में अब तक एक्टिव केसों की संख्या 24 हो गई है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले परिवार के 64 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
उधर हसनपुर, गजरौला, मंडी धनौरा, जोया, रहरा और जिला अस्पताल में 927 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें 291 लोगों की एंटीजन जांच कराई गई। दो लोग संक्रमित मिले है। जबकि 635 लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए नोएडा भेजे गए हैं।