सैदनगली। थाना क्षेत्र के गांव हरियाना में चोरों ने दो किसानों के घर को निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया। गांव के बाहरी छोर पर स्थित घरों में दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाशों ने दोनों घरों से 25 हजार रुपये की नगदी समेत करीब छह लाख के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
थाना क्षेत्र के गांव हरियाना में रविवार की रात चोर गांव में बाहरी छोर पर स्थित किसान रियाजुद्दीन पुत्र इमामुद्दीन के घर में दीवार फांदकर घुस गए। घर में संदूक में रखी चौदह हजार रुपए की नगदी, एक डायमंड अंगूठी,चार सोने की अंगूठी, एक गले का हार सोने का, झुमकी सोने की, चार कंगन सोने के, एक हाथ फूल चांदी का, दो पायल चांदी की, 32 जोड़ी कपड़े चोरी कर ले गए। रियाजुद्दीन ने बताया कि उन्होंने 28 अक्टूबर को अपनी बेटी की शादी की थी। जिसके सभी आभूषण घर में रखे थे। जो चोर चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने गांव निवासी अब्दुल गनी पुत्र अशरफ के घर को निशाना बनाया।
चोर यहां दीवार फांदकर घर में घुसकर सेफ अलमारी में रखी दो तोले सोने की झुमकी, दो सोने के झाले, चार चांदी के आभूषण समेत तकरीबन बारह हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। दोनों स्थानों से चोर करीब छह लाख रुपये का सामान चोरी करके लिए। दोनों की स्थानों पर परिवार के लोग मकान में सो रहे थे, लेकिन उन्हें घटना का पता नहीं लगा। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार का कहना है कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है।
-