शहर के मोहल्ला लकड़ा में इस माह केवल दो हफ्तों में डेंगू के छह मरीज मिले हैं। मरीजों के एलाइजा टेस्ट में सभी में डेंगू की पुष्टि हुई है। केवल 15 दिन में एक ही जगह पर इतनी बड़ी तादाद में डेंगू के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। वहीं अभी तक जिले में डेंगू के 11 मरीज मिल चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आनन-फानन में मोहल्ला लकड़ा में कैंप लगाकर 80 से ज्यादा लोगों की स्लाइडें बनाईं। डेंगू की प्रारंभिक एनएस-वन जांच में 30 से पॉजिटिव पाए गए। सभी मरीजों में डेंगू की पुष्टि के लिए नमूनों को मेरठ के राम मनोहर लोहिया मेडिकल कालेज भेजा गया। मरीजों के एलाइजा टेस्ट में छह पाजिटिव पाए गए। सभी का स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक सभी मरीज अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं। जिले में अब तक 11 लोगों के एलाइजा टेस्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें आधे से ज्यादा अकेले अमरोहा शहर में पाए जाना हैरत की बात है। शहर में मच्छरों का प्रकोप चरम पर है। ऐसे में नगर पालिका सोई हुई है।
कीटनाशक दवाईयों के छिड़काव और फागिंग के नाम पर महज औपचारिकता पूरी की जा रही है। जबकि इससे पहले भी दर्जनभर लोगों में डेंगू की प्रारंभिक जांच पॉजिटिव आ चुकी है। मच्छरों के प्रकोप के चलते शहर में मच्छरजनित बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। जबकि इस माह शहर में 14 लोगों में मलेरिया की पुष्टि भी हुई है। जल्द ही रोकथाम नहीं की गई तो मच्छरजनित बीमारियों के मामले और तेेजी से बढ़ेंगे।