अमरोहा। एसआईआर की प्रक्रिया के तहत दावे और आपत्तियां दाखिल करने का शुक्रवार को अंतिम अवसर है। नौ मैपिंग के तहत जिले में 41826 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। छह फरवरी तक दावे व आपत्तियां लेने के बाद 27 फरवरी तक निस्तारण का कार्य किया जाएगा।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत छह जनवरी को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई थी। जिले में चारों विधानसभाओं के 13.70 लाख मतदाताओं को शामिल किया गया था। मतदाताओं को दिए गए गणना प्रपत्रों को वापस जमा कर डिजीटाइज्ड करने के लिए पहले चार दिसंबर तक का समय दिया गया था, लेकिन बाद में तारीखों को कई बार चुनाव आयोग द्वारा आगे बढ़ा दिया गया था। निर्धारित समय में जिले में चारों विधानसभाओं के 1370374 के सापेक्ष 1189197 मतदाताओं के गणना प्रपत्र ही डिजीटाइज्ड हुए थे। इस प्रक्रिया के दौरान अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक मतदाताओं में शामिल रहे 181177 मतदाताओं के नाम सूची से बाहर कर दिए गए थे। प्रक्रिया के दौरान छह फरवरी तक दावे व आपत्तियां दाखिल करने का समय निर्धारित किया गया था। इस बीच बूथों पर विशेष अभियान भी चलाए गए। इस दौरान नए वोट बनवाने के लिए करीब 40 हजार युवाओं ने आवेदन किए हैं। छह फरवरी तक दावे व आपत्तियां दाखिल करने का समय मतदाताओं को दिया गया है। इसके बाद नोटिस के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू होगी। जोकि 27 फरवरी तक चलेगी। 27 फरवरी तक बीएलओ बूथों पर दो-दो घंटा मौजूद रहेंगे।
-
तार्किक विसंगति दूर करने को भी जारी होंगे नोटिस
ड्राफ्ट मतदाता सूची मे शामिल मतदातओं के नाम व उम्र आदि की विसंगतियों को दूर करने के लिए भी मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने की तैयारी की जा रही है। 2003 की मतदाता सूची व ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम अथवा उम्र आदि में किसी तरह की भिन्नता मिलने पर नोटिस भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सुनवाई के दौरान मतदाताओं को बूथों पर पहुंचकर अपने बीएलओ को नाम व उम्र आदि जरूरी साक्ष्य दिखाने होंगे। जिले में ऐसे करीब ढाई लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं।
-
अनमैपिंग वाले सभी मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इसके अलावा कल तक सभी बूथों पर दावे और आपत्तियां दाखिल किए जा सकते हैं। इसके बाद नोटिसों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू होगी। - गरिमा सिंह, एडीएम वित्त व राजस्व