अमरोहा। शहर के बिजनौर रोड पर स्थिति लकड़ी की सात दुकानों में संदिग्ध हालात में भीषण आग लग गई। थोड़ी देर में आग की लपटें आसमान छूने लगीं। धुएं के गुबार देकर इलाके के लोग घरों से बाहर निकल आए।
मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में लाखों रुपयों का नुकसान बताया जा रहा है। दुकानों में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह घटना शनिवार की रात करीब तीन बजे हुई। यहां पूर्व चेयरमैन हाजी इकरार अहमद अंसारी के आवास के सामने और एकेके इंटर कॉलेज के पास एक ही लाइन में लकड़ी की सात दुकानें है। जहां पर बल्लियां, तख्त व फर्नीचर से जुड़ा सामान बनाकर बेचा जाता है।
इनमें से तीन दुकानें आसिफ हैं। जबकि अन्य चार दुकानें मोहल्ला लकड़ा के रहने वाले इरफान, शाहनवाज, नफीस और शाहिद की हैं। सभी दुकानदार शनिवार रात करीब नौ बजे दुकानें बंद करके अपने-अपने घर चले गए थे। लेकिन, रात को करीब तीन बजे संदिग्ध हालात में इन दुकानों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं के गुबार से भर गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और दमकल कर्मियों ने स्थानीय पुलिस व लोगों के साथ मिलकर आग बुझाई। दो घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल से आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक दुकानों के भीतर रखा सामान जलकर राख हो गया।
सीओ सिटी अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है, आग लगने के क्या कारण रहा, इसका जल्दी ही पता निकाल लिया जाएगा।