अमरोहा। कोल्ड्रिफ कफ सीरप पर बैन के बाद जिले में स्वास्थ्य विभाग और औषधि प्रशासन विभाग लगातार सतर्कता बरत रहा है। श्रीसन फार्मा कंपनी द्वारा बनाया गया कोल्ड्रिफ सीरप के जिले में बिक्री व इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है, साथ ही अन्य कंपनियों के सीरप के नमूने लेकर भी जांच को भेजे जा रहे हैं। औषधि विभाग की टीम ने अभियान चलाकर अलग-अलग मेडिकल स्टोर से सात नमूने लिए हैं। अब तक कुल 19 नमूने लेकर जांच को भेजे जा चुके हैं।
औषधि निरीक्षक रूचि बंसल ने बताया कि श्रीसन फार्मा कंपनी द्वारा बनाया गया कोल्ड्रिफ सीरप के जिले में बिक्री व इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। मध्य प्रदेश व राजस्थान में इस कफ सीरप के इस्तेमाल से बच्चाें की मौत के बाद सरकार ने यह फैसला लिया था। बताया कि कफ सीरप में डायथिलीन ग्लाइकॉल की मात्रा अधिक पाई गई है जो किडनी को प्रभावित करता है। इसके बाद से ही विभागीय निर्देशों के तहत कफ सीरप के नमूने लेकर जांच को भेजे जा रहे हैं।
अमरोहा नगर क्षेत्र में बिजनौर रोड पर मोहल्ला पक्का बाग में स्थित श्री भवानी बच्चों का अस्पताल में संचालित भवानी मेडिकल स्टोर से कफ सीरप के दो नमूने, बिजनौर रोड पर मधुरम बैंकट हॉल के सामने कुंवर नर्सिंग होम में संचालित कुंवर मेडिकल स्टोर से कफ सीरप के दो नमूने तथा बंबूगढ़ चौराहा, अमरोहा पर स्थित आरोग्य नर्सिंग होम में संचालित आरोग्य मेडिकल स्टोर से कफ सीरप के तीन नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 19 कफ सीरप के नमूने लेकर जांच को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने किसी भी कफ सीरप को रजिस्टर्ड मेडिकल स्टोर व डॉक्टर की सलाह पर ही खरीदने की सलाह दी है।