रक्षाबंधन के मौके डाक सेवाओं ने बहनों का साथ छोड़ दिया है। इसके चलते वह भाइयों को राखी नहीं भेज पा रही हैं। दो अगस्त से डाकघरों का सर्वर काम नहीं कर रहा है। इसके चलते सभी जरूरी डाक सेवाएं प्रभावित चल रही हैं। बृहस्पतिवार को भी डाकघरों में राखी भेजने के लिए पहुंची बहनों को निराश होकर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। पांच दिन में करीब 15 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है।
डाक विभाग ने अपनी अगली पीढ़ी के एपीटी एप्लीकेशन के लांच करने की घोषणा की थी। मुरादाबाद मंडल के सभी डाकघरों में इसकी शुरुआत चार अगस्त से हुई है। इस उन्नत प्रणाली को लागू करने के लिए मंडल के डाकघरों में दो अगस्त को सिस्टम अपडेशन के चलते कामकाज बंद रहने की घोषणा की थी लेकिन इसके बाद भी डाकघरों का सर्वर काम नहीं कर सका।
रक्षाबंधन के मौके पर सर्वर ने दूर बैठे भाइयों को राखी भेजने का इंतजार कर रही बहनों को निराश कर दिया। नौ अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार है, लिहाजा इतना जल्दी राखी भेजना भी संभव नहीं है। इसके अलावा डाकघर की दूसरी जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, पार्सल व बुकिंग कुछ भी नहीं हो पा रहा है। पोस्ट मास्टर के अनुसार जिले भर में पिछले पांच दिनों में लगभग 15 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन प्रभावित हुआ है।
डाकघर में मुसीबत कम नहीं
गजरौला। डाकघरों में आईटी 2.0 वर्जन इंस्टॉल किया गया है। यह काम दो अगस्त से किया गया। इसके कारण डाकघरों का सर्वर काम नहीं कर रहा है जिसके चलते डाकघरों में न तो सेविंग का काम किया जा रहा है और न ही डाक का। जो डाक बाहर से आती है, वह सर्वर नहीं चलने के कारण कंप्यूटर पर अंकित नहीं हो पा रही हैं। इसके अलावा बाहर को भी डाक-चिट्ठी आदि नहीं भेजी जा रही हैं। पोस्ट मास्टर संजय जायसवाल ने बताया कि कुछ काम चल रहा है, लेकिन सर्वर के कारण दिक्कत हो रही है। संवाद
डाकघर में काम न होने से परेशानी
मंडी धनौरा। पिछले चार दिनों से डाकघरों में काम न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रजिस्ट्री के अलावा कई जरूरी काम भी नहीं हो पा रहे हैं। रक्षाबंधन के मौके पर बहनें भी अपने भाइयों को राखी नहीं भेज सकी। बृहस्पतिवार को कामकाज नहीं होने के कारण डाकघर सूना पड़ रहा। संवाद
हसनपुर में भी लोग चक्कर काटने को मजबूर
हसनपुर। सोमवार को नगर के मुख्य डाकघर में सर्वर ठप हो जाने से ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही डाकघर पहुंचे लोग घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण कोई भी काम नहीं हो सका। डाकघर में मनी ऑर्डर, स्पीड पोस्ट, पार्सल बुकिंग, बचत खातों से लेनदेन और आधार कार्ड से जुड़े काम पूरी तरह से ठप रहे। इससे दूर-दराज के गांवों से आए बुजुर्ग, महिलाएं और किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। कई लोगों को अपना जरूरी काम छोड़कर निराश लौटना पड़ा। कर्मचारियों ने बताया कि सर्वर खराब है। यही स्थिति कई अन्य ग्राहकों की भी थी, जिन्हें जरूरी पार्सल भेजना था या अपने खाते से पैसे निकालने थे। डाकघर के कर्मचारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते सर्वर काम नहीं कर रहा है और इसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, दोपहर तक भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया, जिससे लोगों में काफी नाराजगी देखी गई।
- डाकघर का सिस्टम अपग्रेड होने के कारण परेशानी हुई है। बीच-बीच में जैसे-जैसे सर्वर काम करता है, तो जरूरी काम निबटा लिए जाते हैं। उच्चाधिकारियों से लगातार संपर्क बना हुआ है।- अमित विकास यादव, हेड पोस्ट मास्टर