किस्मत पुलिस पर मेहरबान है। रुस्तमपुर खादर में ग्रामीणों की ओर से पकड़े गए बदमाश ने पुलिस को खुद की पीठ थपथपाने का मौका दे दिया है। पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर, उत्तराखंड के काशीपुर जनपद के आईटीआई थाने में चोरी और लूट की कई घटनाओं को अंजाम देना कुबूल किया है।
बताया कि, अगस्त में यहां से चोरी कार को उसने आल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईआईएम) के अंबेडकर नगर जिले के टांडा विधानसभा सीट के प्रत्याशी इरफान पठान को बेचा है। उसकी निशानदेही पर अंबेडकरनगर पहुंची उत्तराखंड और जनपद पुलिस ने कार बरामद कर लिया है।
उत्तराखंड के काशीपुर जनपद के आईटीआई थाना क्षेत्र की एक फैक्ट्री में सात अगस्त की रात डकैती पड़ी थी। डकैत ट्रक में फैक्ट्री से 22 लाख का स्क्रैप लूट ले गए थे। आईटीआई थाने में इस लूट की रिपोर्ट दर्ज है। वहीं, इसी महीने में यहां से एक कार भी चोरी हुई थी। डकैती की पड़ताल में अमरोहा जिले के बदमाशों के नाम प्रकाश में आए थे।
डकैती की तह में पहुंचने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक पखवाड़े से उत्तराखंड पुलिस जिले में डेरा डाले थी। इधर, किस्मत पुलिस पर मेहरबान हो गई। 18 नवंबर की रात हसनपुर कोतवाली के रुस्तमपुर खादर गांव में पशु लूट की कोशिश के दौरान ग्रामीण ने एक बदमाश को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम असमोली थाना क्षेत्र के मदाला फत्तेहपुर गांव निवासी जीशान पुत्र अंजार तुर्क बताया। साथ ही इसने उत्तराखंड में वाहन चोरी और लूट की कई घटनाओं को अंजाम देना कुबूल किया। इसमें से कई वाहन आसपास के जिलों में बेचना भी बताया। पुलिस ने हिस्ट्री देखी तो इसके खिलाफ लूट, चोरी के कई मामले सामने आए।
जीशान ने पुलिस को बताया कि उसने उत्तराखंड से चोरी एक कार अंबेडकर नगर जनपद में हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी आल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लेमीन (एआईआईएम) के विधान सभा प्रत्याशी को बेचा है। इस पर उत्तराखंड और जनपद पुलिस आरोपी को साथ लेकर अंबेडकर नगर गई। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने विधानसभा प्रत्याशी के यहां से कार बरामद कर ली है।
क्या बोले अफसर
अपर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हसनपुर के रुस्तमपुर खादर में ग्रामीणों की ओर से पकड़े गए शातिर बदमाश जीशान की निशानदेही पर बड़ी सफलता मिली है। इसने उत्तराखंड से चोरी किया वाहन अंबेडकर नगर में आल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लेमीन (एआईआईएम) के अंबेडकर नगर के टांडा विधान सभा सीट के प्रत्याशी इरफान पठान को बेचा था। उत्तराखंड पुलिस और जनपद पुलिस ने वाहन को बरामद कर लिया है। पुलिस इसे लेकर आ रही है।