अमरोहा। संकुल कोठी खिदमतपुर के खेल प्रांगण कृषक इंटर कॉलेज में मंगलवार को संकुल स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई। बालक और बालिका वर्ग में संकुल से जुड़े विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
प्रतियोगिता में कृषक इंटर कॉलेज कोठी खिदमतपुर, केपी इंटर कॉलेज शादपुर, राजकीय हाईस्कूल हसनपुर, भारत माता इंटर कॉलेज डाई डेरा और एसएस चिल्ड्रन एकेडमी मनवरपुर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जागन लाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
संकुल क्रीड़ा प्रभारी मुनेंद्र सिंह यादव ने बताया कि चयनित खिलाड़ी एक सितंबर को शिव इंटर कॉलेज, गजरौला में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में संकुल की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ खेल प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान मुनेंद्र सिंह, रणजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह, सुनील कुमार, ओवैस, जाहिर, अनिकेत और सिंकू कुमार मौजूद रहे।