गजरौला। चैत्र माह के पांचवें मंगलवार को शक्तिपीठ ललिता देवी मंदिर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं ने मंदिर में मत्था टेक मनौतियां मांगी। नारियल का प्रसाद चढ़ा कर बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने और मनौती मांगने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही।
चैत्र माह के पांचवें मंगलवार पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह रहा। रात में आकर ठहरे श्रद्धालु तड़के मंदिर के कपाट खुलते ही मत्था टेकने, पूजा अर्चना करने और प्रसाद चढ़ाने के लिए लाइन में लग गए। श्रद्धालुओं की दूर तक लंबी लाइन लग गई। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले मंदिर में पहुंच कर शक्तिपीठ ललिता देवी को नारियल का प्रसाद चढ़ा कर परिवार पर अपना आशीर्वाद बनाए रखने की विनती की। मनौती मांगी। बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पूजा अर्चना करने, मनौती मांगने और प्रसाद चढ़ाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीड़ के चलते श्रद्धालुओं का गर्मी में काफी देर तक मनौती मांगने और प्रसाद चढ़ाने के लिए इंतजार करना पड़ा। प्रसाद चढ़ाने, मनौती मांगने के बाद महिलाओं ने मंदिर परिसर में लगे मेले में खरीदारी की। बच्चों ने चाट पकौड़ी खाने के साथ ही झूले का आनंद लिया।
-