हसनपुर। नगर के एक अस्पताल में रसोली के ऑपरेशन के बाद गीता (45) की हालत बिगड़ गई। इस पर महिला को मेरठ के लिए रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। परिजन ने शव अस्पताल ले जाकर हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। हालांकि, मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।
गांव शाहपुर खुर्द में स्वर्गीय जगदीश सिंह की पत्नी गीता के पेट में रसोली हो गई थी। हसनपुर के एक निजी अस्पताल में महिला को ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार शाम महिला का ऑपरेशन किया गया लेकिन इसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई।
देर रात उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। परिजन शव लेकर निजी अस्पताल पर पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत किया। इसके बाद बिना कानूनी कार्रवाई के ही परिजन शव अपने गांव ले गए।
शुक्रवार की सुबह को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका ने अपने पीछे तीन बच्चे छोड़े हैं। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले में अभी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डाॅ. ध्रुवेंद्र सिंह ने बताया कि इस तरह की कोई सूचना नहीं मिल रही हैं।