रजबपुर। स्काउट एवं गाइड अनुशासन की मिसाल होते हैं, उनके द्वारा किए गए सेवा कार्य समाज के लोगों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। यह विचार डीएम राजेश कुमार त्यागी ने श्रीमद् दयानन्द गुरुकुल कन्या महाविद्यालय चोटीपुरा में दिन दिवसीय स्काउट गाइड कैंप के समापन के मौके पर व्यक्त किए।
प्रशिक्षण शिविर में सभी बालिकाओं को स्काउटिंग की उत्पत्ति, नियम, प्रतिज्ञा, प्राथमिक सहायता, गांठें एवम बन्धन, आपदा संबंधित बचाव कार्य और बचाव के गुण सिखाए गए। समापन पर डीएम ने कहा कि स्काउट व गाइड के कार्य लोगों को समाज सेवा के कार्यों को करने के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं। वे अनुशासन की मिसाल होते हैं। विपरीत परिस्थितियों में किस प्रकार सामंजस्य बिठाकर काम किया जाता है, यह स्काउट एवं गाइड से सीखें।
शिविर में अजय कुमार जिला संगठन आयुक्त स्काउट, मंजू जिला संगठन आयुक्त गाइड और मंजीता सिंह ट्रेनिंग काउंसलर ने सभी बालिकाओं को प्रशिक्षित किया। इस दौरान एडीएम न्यायिक माया शंकर, सविता, पुरुजीत सिंह आदि मौजूद रहे। प्राचार्या डॉ. सुमेधा ने सभी बालिकाओं को इसी प्रकार अनुशासित रहकर जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।