अमरोहा। यूपी बोर्ड ऐसे कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा जिनमें नाइट विजन वाले सीसीटीवी कैमरों की सुविधा होगी। इस संबंध में कॉलेजों को गाइडलाइन जारी की गई है। 2026 में होने वाली हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा के लिए केंद्र बनाने में कड़े नियम अपनाए जाएंगे। फिलहाल कॉलेजों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए समय सारिणी जारी की जा चुकी है। इसके साथ ही केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया भी चल रही है। बोर्ड के मानकों पर खरा उतरने वाले कॉलेजों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। इसके तहत कॉलेज में नाइट विजन सीसीटीवी कैमरों का होना अनिवार्य है। विद्यालयों में भारतीय कंपनियों द्वारा निर्मित डीवीआर एवं स्ट्रांग रूम में उच्च गुणवत्तायुक्त नाइट विजन सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने पर ही परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर डीवीआर का नाम, यूजर आईडी, पासवर्ड आदि की सूचना भी अपलोड करनी होगी। फिलहाल केंद्रों का सत्यापन तहसील स्तरीय टीमों द्वारा किया जा रहा है। 30 दिसंबर तक अलग-अलग प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्रों का निर्धारण को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि बोर्ड के मानकों पर खरा उतरने वाले कॉलेजों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा।