बिना मान्यता चल रहे विद्यालय का संचालन बंद कराया गया है। साथ ही दोबारा शुरू करने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई। वहीं, विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को दूसरे स्कूल में शिफ्ट कराया जाएगा।
गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव लिसड़ा निवासी पुष्पेंद्र भड़ाना ने कुछ दिन पहले डीएम को पत्र भेजकर शिकायत की थी कि गांव बरतौरा में आरएसपीएस जूनियर स्कूल के नाम से चल रहा विद्यालय अवैध है। उसकी कोई भी मान्यता नहीं है। शुक्रवार को डीएम के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी गंगेश्वरी अनिल कुमार ने गांव बरतौरा पहुंचकर मामले की जांच की। मान्यता से संंबंधित दस्तावेज दिखाने के लिए कहा तो दस्तावेज नहीं दिखाए जा सके। टीम ने दो घंटे तक रुककर विद्यालय के मान्यता संबंधी दस्तावेजों की जांच पड़ताल की गई, लेकिन कोई दस्तावेज ठीक नहीं मिला।
बीईओ अनिल कुमार ने बताया कि बिना मान्यता चल रहे विद्यालय का संचालन बंद करा दिया गया है। संचालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों को दूसरे विद्यालय में शिफ्ट कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान चलाकर बिना मानक संचालित स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।