अमरोहा। ठंड के बढ़ते असर से जिले में दो दिन तक स्कूल बंद रहेंगे। सभी तरह के बोर्ड स्कूल को 18 और 19 दिसंबर को बंद रखना है। डीएम के निर्देश के बाद बीएसए ने कक्षा आठवीं तक के स्कूल को बंद रखने का आदेश जारी किया है। अवहेलना पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दो दिन तक बच्चे घरों में धमाचौकड़ी मचाएंगे।
मंगलवार को सुबह से मौसम का मिजाज सर्द रहा। घरवालों ने किसी तरह बच्चों को जगाया। इसके बाद उन्हें स्कूल के लिए तैयार कराना शुरू किया। नाश्ता करा कर स्कूल भेजने के लिए घरों से बच्चे को लेकर बाहर निकले। स्कूल वाहन में बच्चों को बैठाया इसके बाद बच्चे स्कूल में पहुंचे। हालांकि ठंड बढ़ने से बच्चे सुस्त रहे। दिन के साथ ठंड का असर बढ़ता गया। इसके चलते कुछ स्कूलों ने निर्धारित अवधि से पहले बंद कर दिए। डीएम उमेश मिश्र ने दोपहर तीन बजे बीएसए गौतम प्रसाद को तलब किया। उन्होंने कक्षा आठवीं तक के स्कूल को बंद कराने को कहा। उन्होंने कहा कि कोई भी स्कूल खुलना नहीं चाहिए। आदेश की अवहेलना पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।