अमरोहा। बाइक सवार युवकों ने स्कूल बस को रोकर चालक के साथ बुरी तरह मारपीट की। दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट में चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना से बस में सवार बच्चे दहशत में आग गए। स्थानीय लोगों ने चालक को बचाया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह घटना देहात थानाक्षेत्र के नन्हेड़ा और मिलक गांव के बीच की है। क्षेत्र के वैसपुर गांव निवासी राजेंद्र सिंह कैलसा स्थित घनश्याम दास टंडन सरस्वती विद्या मंदिर की बस पर चालक है। वह रोजाना कोतीपुरा और नन्हेडा से छात्र-छात्राओं को लेने जाता है। आरोप है कि शुक्रवार सुबह राजेंद्र सिंह छात्र-छात्राओं को लेकर स्कूल जा रहा था। तभी मिलक और नन्हेड़ा गांव के बीच बाइक सवार चार-पांच युवकों ने बस को ओवरटेक कर रोक लिया। इससे पहले चलक कुछ समझ पाता युवकों ने हमला कर दिया। राजेंद्र को बस से उतार कर मारपीट की। खुद को बचाने के लिए राजेंद्र पास ही बने घर में घुस गया। आरोपियों ने चालक को वहां से निकाल कर भी पीटा। मारपीट की घटना से बस में सवार छात्र-छात्राओं में चीख-पुकार मच गई। इस दौरान स्थानीय लोगों भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल चालक का उपचार निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश प्रभाकर ने घटना की तहरीर दी है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।