केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने सोमवार को सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला। कहा कि इनका बस चले तो पूरे उत्तर प्रदेश को बेच, इसकी रजिस्ट्री करा दें। मायावती और सपा को निशाने पर रखते हुए कहा कि बुआ-भतीजे ने प्रदेश को लूटने का काम किया है। दोनों की सरकार में कुछ नहीं बदलता है, खनन माफिया और शराब माफिया हावी हैं।
विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के चुनाव में भाजपा 73 में 45 से 50 सीटें जीत रही है। भाजपा और सपा के बीच मुकाबला है। बाकी सब हवा में उड़ गए हैं। हाथी जंगल भाग गया, दिखाई ही नहीं दे रहा है। इस दौरान उन्होंने जाटों और किसानों के कांबिनेशन के ध्यान में रखते हुए उन्हें जमकर रिझाया।
नेहरू स्मारक इंटर कालेज रजबपुर के मैदान पर नौगावां सादात से भाजपा प्रत्याशी चेतन चौहान के समर्थन में जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि प्रथम चरण में भारतीय जनता पार्टी 73 में 45 से 50 सीट जीत रही है। भाजपा और सपा के बीच ही मुकाबला है। बाकी सब लड़ाई से बाहर हैं। रजबपुर की भूमि वीर और क्रांतिकारों की भूमि हैं, किसानों की बातें यहां से होती हैं, जाटों की बातें होती हैं। भारतीय जनता पार्टी दोनों की पार्टी है। सपा किसान विरोधी है।
संजीव बालियान ने किसानों को साधते हुए कहा कि 13 मार्च को भाजपा के मुख्यमंत्री के शपथ लेते ही पहली घोषणा किसानों का सारा कर्जा माफ करने की करेंगे। अब तक किसानों से कर्ज पर ब्याज लिया जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। किसानों को बगैर ब्याज पर कर्जा मुहैया कराया जाएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा कि नौगावां सादात विधानसभा की बंद पड़ी वेव शुगर मिल को चालू कराया जाएगा। इसके लिए चड्ढा ग्रुप से बात की जाएगी। इसे प्रमुखता से लिया जाएगा। सरकार बनते ही सबसे पहले शुगर मिलों से बकाया भुगतान किसानों को दिलाया जाएगा। छह शुगर मिलों पर कई करोड़ का भुगतान बकाया है।
शुगर मिलें किसानों का जो गन्ना खरीदेंगी उसका चौदह दिन में किसानों को भुगतान करना होगा। यदि ऐसा नहीं करती हैं तो सरकार किसानों का भुगतान करेगी। बाद में शुगर मिलों से भुगतान के पैसे की वसूली की जाएगी। भाजपा की सरकार बनते ही गेहूं और धान की बिक्री व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। मंडी स्थापित की जाएंगी। रजबपुर में बैठा किसान अपने उत्पाद को मुंबई में भी बेच सकेगा।
मायावती ने 26 शुगर मिलों को कौड़ियों के भाव बेचा
अमरोहा। केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि मायावती ने 26 शुगर मिलों को कौढ़ियों के भाव बेचने काम किया था। तभी से गन्ना किसान परेशान हैं। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का आरोप है मायावती ने उत्तर प्रदेश में शराब का टेंडर एक ही ग्रुप को दिया था। सपा सरकार ने भी इसी ग्रुप को शराब का टेंडर दिया है। दोनों सरकार में कुछ नहीं बदलता है।
पैंदा गांव के आरोपियों को बचा रही सपा
अमरोहा। केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान बिजनौर के पैंदा गांव में हुए विवाद को लेकर सफा पर निशाना साधा। बोले वहां का सपा विधायक आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहा है। मुजफ्फरनगर में हुए दंगों में एक ही समुदाय के 6250 लोगों को नामजद किया गया, गांव के गांव उजाड़ दिए गए। पुलिस के आला अफसरों के सामने गोली चलाई गई। वास्तविक आरोपियों को बचा लिया गया।