हसनपुर। जनपद संभल की वन विभाग की टीम ने गांव बावनखेड़ी पहुंचकर आम की लकड़ी बरामद की है। यह लकड़ी कई दिन पहले संभल जनपद में चोरी से काटकर यहां लाई गई थी। आरा मशीन को भी कब्जे में कर लिया गया है।
जनपद संभल के थाना ऐचोड़ा कम्बोह के गांव खैरपुर से दो दिन पहले बिना अनुमति लिए आम के हरे बाग में पेड़ काटे गए थे। इस मामले में वहां पर मुकदमा दर्ज किया था। जांच पड़ताल करने पर पता चला कि कटी हुई लकड़ी को हसनपुर क्षेत्र के गांव बावनखेड़ी में आरा मशीन पर लाया गया है। संभल की वन विभाग की टीम ने हसनपुर के वन क्षेत्राधिकारी नरेश कुमार के साथ गांव बावनखेड़ी पहुंचकर एक आरा मशीन से कटी हुई लकड़ी को बरामद कर लिया है। आरा मशीन को उखाड़ कर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस को आरोपी आरा मशीन संचालक के खिलाफ वन विभाग की टीम ने तहरीर दी है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।