बुलंदशहर के लिए जाने वाला शार्टकट मार्ग लोक निर्माण विभाग के अफसरों की लापरवाही के चलते पिछले तीन साल से सड़क नहीं बनने के कारण नहीं खुल सका है। इस कारण गंगानदी पर पचास करोड़ की लागत से बना पुल बेकार है।
यदि रास्ता बने तो मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए ब्रजघाट जाने के बजाए बाया स्याना होकर दिल्ली तक पहुंचने का बेहतर विकल्प तैयार हो जाएगा।
प्रदेश सरकार ने तीन साल पहले सेतु निगम से पचास करोड़ की लागत से गंगा नदी पर स्याना तहसील के बुगरासी कस्बे के पास अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र के गांव भगवानपुर में पुल का निर्माण कराया था। साथ ही डेढ़ करोड़ की लागत से बुलंदशहर जिले की साइड में एप्रोच रोड भी बनकर तैयार हो चुकी है।
अमरोहा जिले में गंगा नदी के पुल से हसनपुर गंवा मार्ग तक एप्रोच रोड बनाई जानी है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड की ओर से 16 करोड़ रुपये खर्च करके सड़क बनाई जानी हैं। इसमें तीन पुलियों का भी निर्माण कराया जाना है। लेकिन दो पुलियां तो बन गई हैं। लेकिन, एक पुलिया नहीं बनी है। सड़क भी सिर्फ एक किलोमीटर ही बन सकी है। सड़क नहीं बनने के कारण गंगा का पुल निष्प्रयोज्य साबित हो रहा है।