अमरोहा। जनपद में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब गांवों में पांच हजार की आबादी पर 18 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र (सब सेंटर) स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए ग्राम समाज की भूमि चिह्नित कर ली गई है और निर्माण कार्य के लिए शासन स्तर से 7.38 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रत्येक सब सेंटर के निर्माण पर लगभग 41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण की जिम्मेदारी जिला पंचायत की ओर से नामित निर्माण दाई संस्था को सौंपी गई है। इन उपकेंद्रों के तैयार होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और बेहतर हो सकेगी। दरअसल, वित्तीय वर्ष 2022-23 में विभाग ने गांवों में किराए के भवनों में 49 सब सेंटर संचालित किए थे।
इनमें से 15 सेंटरों को बाद में ग्राम समाज की भूमि पर स्थायी भवन बनाकर शिफ्ट कर दिया गया। हालांकि अभी भी 33 उपकेंद्र किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं, जहां सीमित संसाधनों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। इन सब सेंटरों पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम और आशा कार्यकर्ता तैनात रहती हैं, जो ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराती हैं।
साथ ही यहां मरीजों को 14 प्रकार की जांच सुविधाएं भी मिलती हैं, जिनमें एचआईवी, हीमोग्लोबिन, यूरिन, टाइफाइड, डेंगू-मलेरिया, पीलिया, वायरल और हेपेटाइटिस जैसी जांच शामिल हैं। सीएमओ डा. योगेंद्र सिंह ने बताया कि गजरौला में तीन, धनौरा में चार, जोया में छह और गंगेश्वरी में पांच सब सेंटरों का निर्माण कराया जाएगा। अब 18 उपकेंद्रों को किराए के भवनों से हटाकर ग्राम समाज की भूमि पर स्थायी रूप से बनाया जाएगा।
इससे न केवल संसाधनों में वृद्धि होगी बल्कि मरीजों को बेहतर और व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल सकेंगी।जिन गांवों में ये उपकेंद्र बनाए जाएंगे उनमें गजरौला ब्लॉक के खाईखेड़ा, रखेड़ा, सुनपुरा कला, जोया ब्लॉक के इकौंदा, चक्कालीलेट, शकरपुर समसपुर, हैबतपुर, प्रभुवन, असगरीपुर, धनौरा ब्लॉक के शहजादपुर, फौलादपुर, मुकारमपुर, नवाबपुर भूड़ तथा गंगेश्वरी ब्लॉक के मदारीपुर, दमगढ़ी, खनोरा, फतेहपुर खादर और मलकपुर शामिल हैं।