अमरोहा। रुक्मणी अंडर- 19 वनडे कप टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बुधवार को रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रुद्र लायन क्रिकेट एकेडमी को 66 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। पूरे मैच में रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू के बल्लेबाजों व गेंदबाजों का दबदबा रहा। बृहस्पतिवार को नेक्स्ट जनरेशन और रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
बुधवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू ने निर्धारित 40 ओवरों में छह विकेट खोकर 287 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अमन नवाब ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 85 रन बनाए, जबकि अंश गौतम ने 60, असजद रजा ने 59 और मोहम्मद फैसल ने 50 रनों की पारियां खेलीं। रुद्र लायन की ओर से गेंदबाजी में अभिमन्यु कांडपाल ने तीन विकेट और निदिश पचौरी ने दो विकेट हासिल किए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुद्र लायन क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत भी शानदार रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से पूरी टीम 36.4 ओवर में 221 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए अभिमन्यु कांडपाल ने 75 रन की पारी खेली, जबकि कुशाग्र ने 56 और अभिनव बघेल ने 27 रन का योगदान दिया, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू की ओर से गेंदबाजी में अब्राहम अफरोज पाशा ने तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद अमान ने दो विकेट लिए। इसके अलावा अंश गौतम, सलमान पाशा, अमन नवाब और असजद रजा ने एक-एक विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शानदार प्रदर्शन के लिए अमन नवाब को मैन ऑफ द मैच और अंश गौतम को गेम चेंजर चुना गया।
अंपायरिंग शमशाद अल्वी और मोहम्मद सायम ने की, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी मोहम्मद शाकिब ने संभाली। मुकाबले के दौरान टूर्नामेंट आयोजक व कोच मोहम्मद हसीन, रुक्मणी ग्रुप ऑफ कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ मलिक मौजूद रहे। अब बृहस्पतिवार को रुक्मणी ब्लू की टीम फाइनल में खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी।