अमरोहा। साइबर ठगों ने युवक का मोबाइल हैक कर दो बार में बैंक खाते से 99,600 रुपये निकाल लिए। हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित ने अदालत की शरण ली। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के सिरसागढ़ पंडकी निवासी संजीव कुमार का भारतीय स्टेट बैंक की जोया रोड शाखा में खाता है। दो सितंबर 2026 को मोबाइल हैक कर ठगों ने खाते से रकम निकाल ली थी। अगले दिन उन्होंने 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। बैंक स्टेटमेंट में दो यूपीआई लेनदेन सामने आए। अरुण नाम के व्यक्ति के खाते में 49,800 रुपये और इश्हाक नाम के व्यक्ति के माध्यम से 49,800 रुपये निकाले गए थे। आरोप है कि दोनों ने अज्ञात साथी के साथ मिलकर ठगी की थी। बैंक स्टेटमेंट में उनके मोबाइल नंबर और लेनदेन का विवरण भी दर्ज है।
संजीव ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अमरोहा देहात और साइबर क्राइम थाने के चक्कर लगाए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। साइबर टीम जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।