अमरोहा। साइबर ठगों ने हॉस्टल में रहकर पीजी की पढ़ाई करने वाले पंजाब के छात्र गौरव जसूजा के टेलीग्राम पर लिंक भेजकर खाते से 3.80 लाख रुपये उड़ा लिए है। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित छात्र ने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस से की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से पंजाब के फरीदकोट जनपद के रहने वाले गौरव जसूजा श्री वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज से पीजी की पढ़ाई कर रहे हैं। वह यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहते हैं। 27 जनवरी को उनके टेलीग्राम पर लिंक आया था। जैसे ही गौरव जसूजा ने लिंक पर क्लिक किया तो उसमें इनवेस्टमेंट की लुहावनी स्कीम के संबंध में जानकारी दी गई।
गौरव जसूजा लिंक पर खुले पेज पर आगे बढ़ते गए। इसी दौरान उनके खाते से 3.80 लाख रुपये कट गए। मोबाइल पर खाते से रुपये की कटौती का संदेश मिला तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत ऑनलाइन शिकायत कर खाते पर रोक लगवाई और मामले की शिकायत पुलिस से की। इस मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है।
साइबर ठगी से बचाव
- सोशल मीडिया चलाते समय सतर्क रहें। संदिग्ध लिंक, अनजान ईमेल या मैसेज पर क्लिक न करें।
- ऑनलाइन खरीदारी या बैंकिंग के लिए हमेशा विश्वसनीय और सुरक्षित वेबसाइट्स का ही इस्तेमाल करें। यूआरएल में एचटीटीपीएस और ताले का निशान जांचें।
- अपने डिवाइस के ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट करें।
- मजबूत और अद्वितीय पासवर्ड का इस्तेमाल करें और उन्हें नियमित रूप से बदलें।
- सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क पर संवेदनशील लेन-देन करने से बचें, क्योंकि ये असुरक्षित हो सकते हैं।
- कोई भी संस्थान आपकी व्यक्तिगत जानकारी या ओटीपी फोन पर नहीं मांगता, ऐसे कॉल या मैसेज को नजरअंदाज करें।
- अगर आप ठगी का शिकार होते हैं, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या स्थानीय साइबर सेल में शिकायत दर्ज करें।