अमरोहा। नवरात्र के नौ दिनों में जिले के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। कारोबारियों के मुताबिक, इस दौरान जिलेभर में करीब 200 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। ऑटोमोबाइल, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ा समेत विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। नवरात्र में हुई बंपर बिक्री से उत्साहित व्यापारियों को अब करवाचौथ, धनतेरस और दीपावली पर भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
शहर के बड़ा बाजार, बाजार कोर्ट, बटवाल और बाजार रज्जाक समेत प्रमुख बाजारों में मंगलवार को भी खरीदारों की भीड़ रही।
लोगों ने कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान, आभूषण और अन्य घरेलू वस्तुओं की खरीदारी की। त्योहारों के चलते बाजारों में रौनक बनी हुई है। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के जिलाध्यक्ष मनोज टंडन ने बताया कि इस वर्ष नवरात्र के दौरान जिले में करीब 200 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। पिछले दिनों हुई बारिश से व्यापार पर कुछ असर पड़ा था, लेकिन अब आगामी त्योहारों पर कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।