गजरौला थाना क्षेत्र के गांव कटाई में फ्लैग मार्च के दौरान ग्रामीणों को जानकारी देते एसडीएम हसनप?
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला। नौगांवा सादात में होने वाले उपचुनाव में मतदान की तिथि नजदीक आते ही चुनाव आयोग के निर्देश पर पुलिस-प्रशासन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इसके लिए जहां औद्योगिक नगरी में सीआरपीएफ के जवानों और अफसरों ने डेरा डाल लिया है। वहीं हसनपुर के एसडीएम विजयशंकर ने मंडी धनौरा के सीओ सत्येंद्र सिंह को साथ लेकर गजरौला थाना क्षेत्र में आ रहे गांवों में फ्लैग मार्च निकाला और ग्रामीणों से निडर होकर मतदान करने को कहा।
बुधवार को गजरौला थाने में सीआरपीएफ के सीओ, इंस्पेक्टर ने फोर्स के जवानों के संग आमद कराई। इनके ठहरने की व्यवस्था गजरौला में विभिन्न कालेजों में की गई है। इसके बाद सीओ सत्येंद्र सिंह, इंस्पेक्टर आरपी शर्मा और पुलिस तथा सीआरपीएफ के जवानों को लेकर थाना क्षेत्र में आ रहे नौगांवा सादात विधानसभा क्षेत्र के सात गांवों में पहुंचे। इनमें लिसड़ई और कटाई वल्नरेबल की श्रेणी मेें चिन्हित किए गए हैं। यहां हसनपुर के एसडीएम विजयशंकर की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान ग्रामीणों को उनकी सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया गया।