अमरोहा। इन दिनों शादियों का सीजन है। निजी वाहनों की तरह बरात या पिकनिक के लिए रोडवेज बसों को भी बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए परिवहन निगम की ओर से किराया भी निर्धारित है। बस बुकिंग करने के लिए कोई समय अवधि नहीं है एक दिन पहले भी डिपो आकर बस बुकिंग कर सकते हैं। विभागीय अफसरों की माने तो स्कूल या चुनाव के लिए बसों को बतौर बुकिंग भेजा जाता है लेकिन जिला बनने के 27 साल बाद भी शादी-ब्याह, पिकनिक या निजी कार्यक्रम के लिए रोडवेज बसों की बुकिंग नहीं हुई है।
अमरोहा 15 अप्रैल 1997 को जिला बना था। इससे पहले यह मुरादाबाद का हिस्सा था। शहर के आजाद रोड के पास बस स्टॉपेज होता था। साल 2012 में जोया रोड स्थित नए रोडवेज बस अड्डे की शुरुआत हुई। पुराने दौर में लोगों को शादी-ब्याह या पिकनिक पर जाने के लिए रोडवेज बस बुकिंग करते थे। इसके लिए परिवहन निगम ने किराया भी निर्धारित कर रखा है। पहले अगर किसी को शादी व पिकनिक आदि के लिए रोडवेज बस की बुकिंग करानी हो, तो यात्रा तिथि से एक माह पहले बुकिंग करानी होती थी लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह बदल दी गई है।
परिवहन निगम ने 400 किलोमीटर और 24 घंटे तक के लिए रोडवेज बस की बुकिंग का किराया लगभग 27,808 रुपये निर्धारित कर रखा है। यह किराया निजी बसों की तुलना में यह किराया काफी कम है। बस बुक करवाने के लिए संबंधित डिपो के एआरएम कार्यालय में आवेदन देना होगा। शादी के लिए बस चाहिए तो आवेदन के साथ विवाह कार्ड भी अनिवार्य रूप से लगाना होगा। दूरी चाहे कम हो या अधिक किराया न्यूनतम 400 किलोमीटर के आधार पर ही लिया जाएगा। यदि बस 400 किलोमीटर से अधिक चलती है, तो किराया उसी के अनुरूप बढ़ जाएगा।
- शादी पिकनिक या अन्य कार्यक्रमों के लिए रोडवेज बस यात्री तारीख से एक दिन पहले बुक की जा सकती है लेकिन हैरत की बात यह है कि जिला बनने के करीब 27 साल बाद आज तक किसी भी व्यक्ति ने निजी तौर पर बस बुकिंग नहीं की है। हालांकि, कुछ स्कूल टूर पर लेकर जाते हैं या फिर चुनाव ड्यूटी में भी बसों को बतौर बुकिंग भेजा जाता है। - केसी गोड़, एआरएम