अमरोहा। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में अमरोहा से 67 बसें गई थीं। इसके बाद जिले में बसों की काफी कमी रही। वसंत पंचमी के बीतने के बाद महाकुंभ भीड़ कम होने लगी है। ऐसे में सात फरवरी से डिपो की बसें लौटने लगेंगी। जिससे जिले की परिवहन व्यवस्था में राहत मिलेगी। देखा जा रहा था कि बसों की कमी के चलते लोकल रूटों पर फेरे नहीं बढ़ पा रहे थे। वहीं, लंबी दूरी के लिए भी कम बसें संचालित हो रही थीं।
अमरोहा डिपो की बेड़े में 87 बसें हैं। यहां से 21 जनवरी बसों की रवानगी प्रयागराज में महाकुंभ के लिए हुई। शुरुआत में 21 बसें गईं, जबकि बाद में कुल मिलाकर 68 बसें यहां से भेजी गईं। इसके बाद लोकल रूटों पर भी बसों के फेरे घट गए। वहीं हरिद्वार, देहरादून, मथुरा, आगरा, मुजफ्फरनगर, दिल्ली के लिए भी कम ही बसों का संचालन हो सका। हालांकि, बिजनौर, नूरपुर, मुरादाबाद के लिए बसों का संचालन सही से हो पाया। लेकिन अब बसों के लौटने का सिलसिला सात फरवरी से शुरू हो जाएगा। एआरएम ने बताया कि शुरुआत में 10 से 15 बसें यहां आएंगी। उसके बाद वहां भीड़ की स्थिति को देखते हुए बसों को भेजा जाएगा।