अमरोहा। रोडवेज डिपो से अब रोजाना नोएडा परी चौक के लिए सीधी बस मिलेगी। शुक्रवार से रोडवेज बस की शुरुआत होनी थी, लेकिन फिलहाल टल गई है। जल्द ही दूसरी तिथि नियत की जाएगी।
अमरोहा से नोएडा परी चौक तक बस 17 स्टॉपेज पर रुकेगी। जबकि परी चौक तक का किराया 265 रुपये निर्धारित किया गया है। इस बस के संचालन से स्थानीय लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। जिले के लोग बस से यात्रा करके नोएडा में नौकरी भी कर सकते हैं। अमरोहा डिपो में 95 बसें निगम की हैं। इनमें 19 अनुबंधित हैं। जल्द ही 20 नई बसें मिलने की उम्मीद हैं।
अमरोहा डिपो से बिजनौर देहरादून, मुरादाबाद, मेरठ, दिल्ली, बरेली व संभल के लिए बसों का संचालन होता है। बीते दो सालों में नौगांवा सादात से दिल्ली, अमरोहा से सोनीपत, मथुरा व आगरा के लिए भी बसों का संचालन हुआ है। विभाग ने अमरोहा डिपो से जल्द ही ग्रेटर नोएडा के परी चौक के लिए बस का संचालन करने की तैयारी मुकम्मल कर ली है। यह बस रोजाना सुबह सात बजे अमरोहा से चलेगी और करीब दस बजे तक पहुंचेगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि क्षेत्र से काफी यात्री रोजाना नोएडा परी चौक जाते हैं। ऐसे में डिपो से सीधी बस सेवा संचालित किए जाने की मांग भी की गई थी। यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर नई बस सेवा को शुरू की जा रही है। शुक्रवार को इसकी शुरुआत होनी थी, लेकिन जनप्रतिधियों की ओर से समय नहीं मिल सका। जिस कारण शुक्रवार को बस की शुरुआत नहीं हो सकेगी। अब दूसरी तिथि नियत करके दो या चार दिन में बस की शुरुआत करेंगे। संवाद