अमरोहा। विश्व रक्तदाता दिवस पर अमर उजाला की ओर से जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में सुबह नौ बजे से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। आप भी आएं और रक्तदान कर किसी की जान बचाने के लिए अपने हाथ आगे बढ़ाएं। रक्तदान शिविर की शुरूआत डीएम निधि गुप्ता वत्स, एसपी अमित कुमार आनंद और सीएमओ डॉ. एसपी सिंह करेंगे।
सड़क दुर्घटनाओं से लेकर अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को रक्त की जरूरत पड़ती है, लेकिन रक्त केवल मानव शरीर में ही बनता है। ऐसे में रक्तदान से ही किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। जिला अस्पताल की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि 60 वर्ष तक की आयु का कोई भी व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।
रक्तदान करने से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, जिससे स्फूर्ति आती है। बताया कि रक्तदान से हृदयघात का खतरा भी कम हो जाता है। आज के समय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन के माध्यम से एक यूनिट रक्तदान से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसीलिए रक्तदान को महादान भी कहा गया है। ऐसे में आपके पास भी मौका है महादानी बनने का। 14 जून को जिला अस्पताल की ब्लड बैंक पहुंचकर आप भी रक्तदान करें। अमर उजाला की ओर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
हर स्वस्थ्य व्यक्ति कर सकता है रक्तदान : सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि हर स्वस्थ्य व्यक्ति चाहे तो सालभर में तीन बार रक्तदान कर सकता है। कुछ लोग ऐसे भी है जो हर तीन महीने में रक्तदान करते हैं।