हसनपुर। हरिद्वार के लिए संचालित होने वाली रोडवेज बस का संचालन बंद होने तीन दिन बाद रविवार से फिर यह सेवा शुरू होने जा रही है। जिसका फायदा हरिद्वार जल लेने जाने वाले शिवभक्तों को मिलेगा।
हसनपुर से कई साल से रोडवेज बस का संचालन हरिद्वार के लिए हो रहा था। यह बस प्रतिदिन सुबह छह बजे हसनपुर से हरिद्वार के लिए रवाना होती थी। जिससे हरिद्वार गंगा में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात का यह सुगम साधन बन चुका था।
26 फरवरी को महाशिवरात्रि का त्योहार है। ऐसे में भारी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए रवाना हो रहे हैं। ऐसे समय में पिछले तीन दिनों से बस का संचालन हसनपुर से बंद हो गया था। जिससे शिवभक्तों में नाराजगी फैल गई थी। शिवभक्त सचिन गुप्ता, पंकज भटनागर, श्री शिव महामंडल रामलीला समिति के प्रबंध राकेश अग्रवाल और श्री झारखंड महादेव शिवाला मंदिर के प्रबंधक अंकुर अग्रवाल आदि ने बस का संचालन हसनपुर से फिर से कराने की मांग की थी। अमर उजाला ने इस समस्या को 22 फरवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आए और हसनपुर से चलने वाली इस बस का संचालन फिर से शुरू करने का निर्णय लिया।
एआरएम अनिल कुमार का कहना है कि हसनपुर से चलने वाली बस का संचालन रविवार से शुरू हो जाएगा, लेकिन यह हसनपुर से अमरोहा होकर हरिद्वार के लिए बदले रूट से रवाना होगी।