कांवड़ लेने जा रहे बाइक सवार युवकों की बाइक आपस में भिड़ने के बाद मिनी बस से जा टकराईं। जिससे बाइक सवार दोनों घायल हो गए। साथियों के घायल होने पर गुस्साए कांवड़ियों ने हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र का है। सूचना पर पहुंचे डिडौली कोतवाल व सीओ सिटी ने समझाकर जाम खुलवाया। घायलों को मुरादाबाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
रविवार की शाम कांवड़ियों का जत्था ब्रजघाट जा रहा था। जत्थे के आगे डीजे बज रहा था तथा पीछे बाइक सवार युवक चल रहे थे। कांवड़ियों का जत्था ढकिया चमन के सामने पहुंचा था। बताते हैं कि यहां पर मिनी बस सवारियां उतार रही थी। कांवड़ियों के जत्थेे में चल रहे बाइक सवार दोनों युवकों की बाइक भिड़ गईं। टकराने के बाद मिनी बस में जा लगीं। जिससे इन बाइकों पर सवार मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के भदौड़ा गांव निवासी श्याम व आनंद घायल हो गए। साथियों के घायल होने से जत्थे में शामिल कांवड़ियों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। कांवड़ियों द्वारा हाईवे पर जाम लगाए जाने से हड़कंप मच गया।
कोतवाल संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। जाम लगाकर हंगामा कर रहे कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया। सूचना पाकरसीओ सिटी शील कुमार भी जाम लगा रहे कांवड़ियों के बीच पहुंचे। जाम लगाकर हंगामा कर रहे कांवड़ियों को समझाकर शांत किया। घायलों को पुलिस ने मुरादाबाद निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।