बछरायूं के गांव फत्तेहपुर छीतरा में रविवार की सुबह कांवड़ियों के पंडाल में हाईटेंशन लाइन के करेंट की चपेट में आकर युवक बुरी तरह झुलस गया। परिजन युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्साधिकारी ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जनपद बुलंदशहर के कुछ लोग थाना क्षेत्र के गांव फत्तेपुर छीतरा में कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर लगाते हैं। थाना बीबीनगर निवासी केशोरपुर सकला निवासी भूरे (19) पुत्र गुल्लू भी वहां सेवा कार्य कर रहा था। कांवड़ियों का आवागमन बंद होने के बाद आयोजक रविवार की सुबह सामान समेट रहे थे। बताया जाता है कि भूरे पेड़ पर चढ़कर बिजली की लाइन के तार खोल रहा था। अचानक पेड़ के पास से गुजर रही हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। वह नीचे गिर पड़ा। कर्मचारी तत्काल उसको गजरौला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सेवा शिविर आयोजकों ने शव को बिना कानूनी कार्रवाई के पैतृक गांव ले जाने की बात कही। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव उनको सौंप दिया। गजरौला सीओ मोहनलाल ने सीएचसी पहुंच कर पीड़ित पिता से घटना की जानकारी की। परिजनों के आग्रह पर बिना कार्रवाई के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।