रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह ने रजबपुर में हुई जनसभा में भाजपा पर जमकर हमला बोला। कहा कि भाजपा प्रदेश में दंगा-फसाद करा सत्ता पाना चाहती है। दंगा कराने वाले गांव के विकास की बात करते हैं। गांव का विकास तब होगा जब किसानों की जेब में पैसा होगा और मोदी सरकार किसान विरोधी है।
उन्होंने सपा सरकार को गन्ना मूल्य पर घेरा। कहा कि प्रदेश सरकार ने चार साल में मात्र 25 रुपये गन्ने का भाव बढ़ाया है। शुगर मिलों को जो 1200 करोड़ का ब्याज किसानों को देना था, वो अखिलेश और मुलायम ने माफ कर दिए।
नौगावां सादात विधानसभा से रालोद प्रत्याशी अशफाक अली खां के समर्थन में रजबपुर में हुई चुनाव जनसभा में अजित सिंह ने कहा कि चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। ये चुनाव उत्तर प्रदेश ही नहीं, मोदी की किस्मत तय करेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेेश में रालोद की लहर है।
प्रदेश में भाजपा की एक सीट नहीं आने देंगे। दंगा कराने वाले गांवों के विकास की बात करते हैं, गांव का विकास तब होगा जब किसानों की जेब में पैसा होगा और मोदी सरकार किसान विरोधी है। उन्होंने कहा कि मादी जी प्रचारक पहले हैं प्रधानमंत्री बाद में। नारे दे रहे हैं मुजफ्फरनगर से पलायन रोकेंगे।
क्या कोई रोजगार के लिए बाहर नहीं जाएगा। भाजपा को आपस में लड़ाने और दंगा कराने का कोई बहाना चाहिए। पश्चिमी यूपी बर्बाद हो जाएगा। हम इनकी चालों में फंस गए तो मुजफ्फरनगर जैसे हालात फिर पैदा हो जाएंगे। छोटे चौधरी ने सपा सरकार पर भी जमकर भड़ास निकाली।
बोले प्रदेश सरकार ने चार साल में मात्र 25 रुपये गन्ने का मूल्य बढ़ाया है। छह रुपये प्रति साल। ये नहीं सोचा कि लागत कितनी बढ़ गई होगी। अखिलेश और मुलायम ने 1200 करोड़ का ब्याज शुगर मिलों का माफ कर दिया है। ये ब्याज शुगर मिलों को किसानों को देना था। शुगर मिलों से किसानों का भुगतान का पैसा दिलाने में कोई रुचि नहीं ले रही है। किसान, मजदूर बदहाल है।