गुरुवार को सुबह से ही रुक-रुक कर देरशाम तक बरसात होती रही। कभी जोरों से तो कभी हल्की बूंदों के साथ बरसात दिनभर होती रही। इस दौरान शहर की सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। चौतरफा बरसात का पानी बढ़ने के साथ ही लोगों के घरों और दुकानों में घुस आया। रास्तों पर तीन फिट से ज्यादा जलभराव के बीच से गुजरने को लोग मजबूर हो गए। जबकि कई जगह तो पानी अधिक भरा होने के कारण बाइकें और ऑटो बंद हो गए। इसके बाद लोगों को पैदल ही इन्हें जलभराव के बीच से धकेलना पड़ा।
सुबह की बारिश के दौरान बरसात का पानी नगर पालिका समेत सीएचसी के अंदर तक घुस आया। इससे दवाई लेने के लिए लोगों को पानी में घुसकर जाना पड़ा। बरसात के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी। छोटी कक्षाओं से लेकर डिग्री कालेज तक के छात्र-छात्रा सुबह बारिश में भीगते हुए स्कूल कालेज पहुंचे। इसके बाद भी लगातार बारिश अपनी पूरी रौ में होती रही। जबकि छुट्टी होने के बाद भी छात्र-छात्राओं को भीगते हुए भी घरों तक जाना पड़ा। आजाद रोड जेएस हिंदू पीजी कालेज के सामने भयंकर जलभराव लोगों के लिए परेशानी का सबब बना। इस बीच कालेज के सामने मैदान पर तालाब का सा नजारा दिखा। दूसरी ओर छेबड़ा रोड, कोतवाली रोड, स्टेशन रोड, शाह विलायत रोड, कोर्ट रोड समेत शहर की सड़कों पर भयंकर जलभराव के बीच से गुजरना लोगों के लिए तकलीफदेह रहा। सड़क किनारे लगे गंदगी के ढेरों से उठती दुर्गंध से सांस लेना भी दूभर हो रहा था।