अमरोहा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। 20 नवंबर को पांडुलिपियों की तैयारी व आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का मुद्रण किया जाएगा। 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी।
शिक्षक विधायक के चुनाव की तैयारियों के लिए निर्वाचक नामावलियों की तैयारी के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि 30 सितंबर को सार्वजनिक नोटिस जारी कर दिया जाएगा।
15 अक्तूबर को नोटिस का प्रथम प्रकाशन और 25 अक्तूबर को नोटिस का दूसरा प्रकाशन कराया जाएगा। इसके बाद फार्म 18 या 19 में आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि छह नवंबर रहेगी। 20 नवंबर को पांडुलिपियों की तैयारी और आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का मुद्रण किया जाएगा।
आलेख्य प्रकाशन 25 नवंबर को होगा। दावे और आपत्तियां दाखिल 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक की जा सकेंगी। 25 दिसंबर को जिस दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और अनुपूरक सूची तैयार और मुद्रित की जाएगी और निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 30 दिसंबर को होगा।
इस बीच उन्होंने बताया कि माध्यमिक स्तर के विद्यालयों में कार्यरत समस्त ऐसे शिक्षक मतदाता जो आयोग द्वारा निर्धारित अर्हता पूरी करते हों, वह अपना नाम शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अपने क्षेत्र के विकास खंड कार्यालय, तहसील कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय अमरोहा से फार्म-19 प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्ण रूप से भरे हुए फार्म-19 30 सितंबर से छह नवंबर के मध्य ही संबंधित विकास खंड कार्यालय अथवा तहसील कार्यालय में ही प्राप्त किए जाएंगे।