अमरोहा। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद ने संबद्ध महाविद्यालयों को प्रायोगिक और मुख्य सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक और विद्यार्थियों की उपस्थिति निर्धारित समय के भीतर विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। देरी होने पर मुख्य सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम प्रभावित हो सकते हैं।
जेएस हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, संभल और अमरोहा जनपद के महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के सुचारु संचालन के लिए विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप सभी परीक्षा संबंधी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रैक्टिकल परीक्षाओं के अंक और विद्यार्थियों की उपस्थिति तय समय सीमा में पोर्टल पर अपलोड करना सभी महाविद्यालयों के लिए अनिवार्य होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने से विद्यार्थियों को समय पर परीक्षा परिणाम मिल सकेंगे। विश्वविद्यालय का उद्देश्य पूरे शैक्षणिक सत्र को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार संचालित करना और परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना है।