ससुराल वालों ने विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया। विरोध करने पर पिटाई की और पति ने तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नौगांवा सादात के मोहल्ला फरकपुरा निवासी असलम हुसैन की बेटी आशूर फात्मा की शादी 30 जून 2021 को मोहल्ला कटकुई निवासी हुसैन हैदर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। दहेज में चार लाख रुपये और कार की मांग करते थे। विवाहिता ने दहेज का विरोध किया तो 30 अक्तूबर 2021 की शाम को पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। दूसरी शादी करने की धमकी दी। पीड़िता ने मामले की शिकायत नौगांवा थाने में की। इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति हुसैन हैदर, महबूब और मोहम्मद हैदर के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।