अमरोहा। प्रापर्टी डीलर की शिकायत पर नगर कोतवाली में रिटायर्ड सीओ सहित पांच के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट में रिटायर्ड सीओ की पत्नी और बेटों को आरोपी बनाया गया है। आरोप है जमीन का मालिक न होते हुए भी एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गई है।
मुरादाबाद के ब्रजधाम रेलवे हरथला कालोनी निवासी हर्षित श्रेहन ने एसपी पूनम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि वो अपने दोस्त सगीर अहमद निवासी अगवानपुर मुरादाबाद के साथ मिलकर जमीन की खरीद-फरोख्त कर प्लाटिंग कराते हैं। 17 सितंबर 2018 को मुरादाबाद के सिविल लाइंस निवासी रिटायर्ड सीओ बांकेलाल आर्य ने अन्य लोगों के साथ मिलकर अमरोहा तहसील क्षेत्र के मोहम्मदपुर जटी के पास जमीन दिखाकर 16 लाख 75 हजार रुपये प्रति बीघा जमीन का सौदा किया था। बांकेलाल आर्य और उनके बेटे ने 16 फरवरी 2019 को स्टांप पेपर पर अपने हस्ताक्षर कर दिए थे। जबकि बांकेलाल आर्य ने अपनी पत्नी आशारानी को रिश्तेदारी में होना बताकर उनके हस्ताक्षर बाद में कराने का आश्वासन दिया था। इकरारनामे की तय शर्तों के अनुसार जमीन की ठियाबंदी नहीं कराई। श्रेहन का आरोप है कि रिटायर्ड सीओ जमीन पर प्लॉटिंग भी नहीं करने दे रहे हैं। आरोप लगाया कि जमीन का मालिक नहीं होने के बावजूद बांकेलाल आर्य ने अपनी पत्नी बेटों व एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर फर्जी प्रपत्रों के आधार पर 1.15 करोड़ रुपये हड़प लिए। अब मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। इस मामले में एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई के आदेश दिए थे। इंस्पेक्टर आरके शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिटायर्ड सीओ बांकेलाल आर्य, उनकी पत्नी आशारानी, पुत्र नवनीत आर्य व राहुल आर्य और एक अन्य व्यक्ति विवेक कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपी बांकेलाल पुलिस से रिटायर्ड सीओ हैं। वो मूलरूप से धनौरा थानाक्षेत्र के एक गांव के रहने वाले हैं, फिलहाल मुरादाबाद में रहते हैं। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।