अमरोहा। ससुराल वालों ने विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। दहेज में मोटर साइकिल और सोने की चेन की डिमांड की। विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। विवाहिता ने इसकी शिकायत संबंधित थाना पुलिस से की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। अब महिला थाना पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के चकघी का नगला निवासी फरहीन की शादी 15 अक्तूबर 2019 को नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के सिरसा जट निवासी राहिल के साथ हुई थी। आरोप के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की दो तोला की चेन की मांग करते थे। इस संबंध में दोनों परिवार वालों के बीच कई बार पंचायत हुई। बावजूद इसके ससुराल वालों का रवैया नहीं सुधरा। ससुराल वाले दहेज कम देने का ताना देकर मारपीट करते थे। दो महीना पहले फरहीन के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद फिर पंचायत हुई और समझा कर फरहीन को फिर ससुराल भेज दिया गया लेकिन 21 अप्रैल की दोपहर फिर पति ने अपने अन्य परिजनों के साथ फरहीन के साथ मारपीट की। महिला थाना इंस्पेक्टर पूनम आनंद ने बताया कि विवाहिता की मां नगमा की तहरीर पर दामाद राहिल और उसके परिजनों में फातो, साकिर, छंगा, मुजाहिद, जाकिर, गुड्डू और रेशमा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।